अजुहा। कस्बा स्थित एक निजी क्लीनिक में एक युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। घटना के दूसरे दिन बुधवार को विभाग की टीम डिप्टी सीएमओ डॉ हिंदप्रकाश मणि की अगुवाई में छापेमारी की। क्लीनिक के अलावा एक पैथालॉजी केंद्र भी अवैध रूप से संचालित मिला। डिप्टी सीएमओ ने दोनों को सील कर दिया। संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया।
अजुहा कस्बे के किराना गली निवासी बचईलाल की मंगलवार को हालत खराब होने पर परिजन उसे जीटी रोड स्थित डॉ. जीएस चौहान के निजी क्लीनिक ले गए थे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन डॉक्टर पर आशंका जाहिर कर रहे थे। मृतक के भतीजे रचित केसरवानी की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के दूसरे दिन डिप्टी सीएमओ की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ जीएस चौहान के क्लीनिक पर छापा मारा। छानबीन में पता चला कि क्लीनिक का वर्ष 2017 के बाद से नवीनीकरण ही नहीं हुआ है। क्लीनिक में जगह-जगह गंदगी मिली। मानक पर खरा नहीं उतरने के साथ ही अवैध संचालन होने के कारण डिप्टी सीएमओ ने क्लीनिक को सील कर दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टांडा रोड स्थित विद्या पैथालॉजी केंद्र का निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि अवैध रूप से संचालित पैथालॉजी केंद्र भी सील कर दी गई है।