चायल (ब्यूरो)। तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर धरने पर बैठे वकीलों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। मंझनपुर पहुंचे अधिवक्तआें ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और तहसीलदार के तबादले तक अनवरत अनशन जारी रखने का ऐलान किया है।
बता दें कि चायल तहसील में कार्यरत तहसीलदार की कार्यप्रणाली से खफा अधिवक्ताओं को बीते 10 दिन से धरने पर बैठे हैं। मांग नहीं पूरी होेने पर शुक्रवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंझनपुर पहुंचे वकीलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी का घेराव किया। ऐलान किया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाएगी तब तक वह विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। तहसील बार एसोसिएसन के अध्यक्ष लालबाबू ने कहा कि तहसीलदार के तबादले के लिए वह हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
बताया कि तहसील में आय, जाति, निवास आदि प्रमाणपत्रों के लिए लोगों को कई-कई दिनों तक दौड़ाया जाता है। साथ ही दाखिल खारिज के लिए भी लोगों को महीनों परेशान होना पड़ता है। शिकायत के बाद भी तहसीलदार की कार्यप्रणाली और यहां की अव्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया जा सका है। जिसे लेकर अधिवक्ताओं को अनशन करना पड़ा। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर सुनील त्रिपाठी, दीपक सिंह, मोहम्मद आमिर, मूलचंद्र, धनंजय, प्रदीप कुमार, सगीर अहमद, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।