मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र की एक छात्रा के साथ शनिवार शाम पड़ोस के एक युवक ने छेड़खानी की। इसके बाद उसे सेफ्टी टैंक में फेंक दिया। पीड़िता की तहरीर लेकर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
महेवाघाट इलाके की एक युवती बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसने बताया कि पड़ोस का एक युवक काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा है। पीड़िता की मानें तो शनिवार शाम वह सहेली के घर जा रही थी। रास्ते में रोककर शोहदे ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। हाथ पकड़ने के साथ ही दुपट्टा खींच लिया। चीखने-चिल्लाने पर सेफ्टी टैंक में फेंक दिया। शोर पर मौके पर आए ग्रामीणों ने छात्रा को टैंक से बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर ग्रामीणों ने घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। उसके परिवार वाले भी घर में ताला बंद करके भाग निकले। मामले में महेवाघाट इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।