पाकिस्तान के स्कूल में हुई आतंकी घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा की कवायद शुरू कर दी गई है। इसीक्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने प्रधानाचार्य और प्रबंधकों के साथ बैठक की। एसपी ने प्रधानाचार्यों को स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का आह्वान किया। कहा कि इससे छेड़खानी जैसी घटनाओं को भी रोकने में मदद मिलेगी।
बता दें कि पाकिस्तान के स्कूल में आंतकी घटना होने से मासूम की जान चली गई थी। इस घटना के बाद अपने देश में भी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा की कवायद शुरू कर दी गई है। उच्चाधिकारियों ने पुलिस अफसरों को भी इस दिशा में काम करने का निर्देश दिया है। डीजीपी के इसी निर्देश पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने पुलिस लाइंस में जिलेभर के इंटर और डिग्री कालेज के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों के साथ बैठक की।
इसमें जहां एसपी ने बच्चों को यातायात के नियमों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाने का आह्वान किया। वहीं स्कूलों में अनिवार्यरूप से सीसीटीवी कैमरा लगवाने को भी कहा। एसपी ने कहाकि इससे जहां किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के स्कूल में आने की जानकारी मिलेगी। वहीं छात्राओं के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं से निपटने में भी मदद मिलेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहाकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के प्रति सचेत रहना शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहाकि स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच भी सीओ और थानेदारों से कराई जाएगी। इस मौके पर एएसपी अनिल कुमार के साथ ही सभी सीओ और तमाम स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।