सरदार सेना के कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत पर सरदार पटेल के अपमान का आरोप लगाते हुए मंगलवार को राज्यपाल को संबोधित एसडीएम ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने भाजपा सांसद की सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा, प्रदेश सरकार के स्कूल बंद करने की नीतियों और शिक्षक रजनीश गंगवार पर मुकदमा दर्ज करने की निंदा की है।
जिला अध्यक्ष डाॅ. अनरुद्ध पटेल ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने का गंभीर आरोप लगाया है। सरदार सेना के कार्यकर्ताओं ने कहा कि कंगना ने दावा किया कि सरदार पटेल को अंग्रेजी नहीं आती थी, इस वजह से वह प्रधानमंत्री नहीं बन सके। सरदार पटेल के व्यक्तित्व पर हमला करार देते हुए कंगना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सरदार सेना के जिलाध्यक्ष ने कंगना पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और उनकी संसद सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के तुगलकी फरमान के तहत पांच हजार सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है, जिससे गरीब, पिछड़े और दलित बच्चों का शिक्षा का मौलिक अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने इसे शिक्षा के खिलाफ हमला बताया है।
-
शिक्षक के खिलाफ दर्ज मुकदमा रद्द करने की उठाई मांग
सरदार सेना ने बरेली के शिक्षक डॉ. रजनीश गंगवार के समर्थन में आवाज उठाई। जिन्होंने अपनी कविता तुम कांवड़ लेने मत जाना, ज्ञान का दीप जलाना के जरिए बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित किया था। इस कविता के वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों की शिकायत पर गंगवार के खिलाफ बरेली के बहेड़ी थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सेना कार्यकर्ताओं ने मुकदमा को रद्द करने की मांग की है। इस मौके पर सोम सिंह पटेल, राजेंद्र पटेल, इंद्रजीत पटेल, एस. पी. पटेल, गंगा प्रसाद और बुद्धि सागर पटेल समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।