टेबल टेनिस खिलाड़ी सानिध्य द्विवेदी
चीन में होने वाली विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के लिए क्षेत्र के गौसपुर नवावा निवासी 16 वर्षीय सानिध्य धर द्विवेदी का चयन हुआ है। 26 से 31 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंडर-18 वर्ग में पूरे देश से चयनित पांच खिलाड़ियों में सानिध्य उत्तर प्रदेश के एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सानिध्य ने 11 से 14 सितंबर तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई। वह राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा, थाईलैंड में दो स्वर्ण पदक जीतकर भी देश का मान बढ़ा चुके हैं। वर्तमान में वह लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में अभ्यास करते हैं।
परिवार और कोच को दिया सफलता का श्रेय
कक्षा 11 के छात्र सानिध्य दो भाइयों में छोटे हैं। उनके बड़े भाई आदित्य द्विवेदी बीडीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। सानिध्य ने अपनी सफलता का श्रेय पिता शैलेंद्र धर द्विवेदी, माता संगीता द्विवेदी और कोच उजैर अहमद को दिया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के बाद अब उनका लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतना है। उनके चयन को प्रदेश और जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
टेबल टेनिस खिलाड़ी सानिध्य द्विवेदी