शमशाबाद में मिठाई की दुकान को चेक करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी भारत मिश्र। स्रोत - स्वयं
रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को मंझनपुर, शमसाबाद और दारानगर में डेयरी व मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, खोया और पेड़े के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शिव प्रताप तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत कुमार मिश्र ने मंझनपुर के पाल चौराहा स्थित पाल डेयरी से मिश्रित दूध और दारानगर स्थित मिश्रा स्वीट हाउस से खोया का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गायत्री ने शमसाबाद स्थित आदित्य स्वीट शॉप से पेड़े का नमूना संग्रहीत किया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को स्वच्छ तरीके से रखने, लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने और पैक्ड खाद्य पदार्थों पर सही लेबल लगाने के निर्देश दिए। टीम ने आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया।