सोमवार को कड़ा धाम के बाजार घाट पर श्राद्ध के बाद गंगा स्नान कर रहे एक ही परिवार के चार लोग गहरे पानी में समा गए। इससे हाहाकार मच गया। एक को बचा लिया गया, जबकि एक का शव बरामद किया गया है। दो लोगों की खोजबीन की जा रही है।
कौशाम्बी जिले के कड़ाधाम घाट पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया है। दसवां का श्राद्ध करने गए एक ही परिवार के चार ल ोग गंगा में डूब गए। इससे हलचल मच गई। ग्रामीणों ने डूब रहे लोगों को बचाने का प्रयास किया। एक युवक को किसी तरह बचाया जा सका, जबकि तीन लोग गहरे पानी में समा गए। काफी मशक्क्त के बाद एक शव बरामद किया गया है। पानी में डूबे पिता-पुत्र की तलाश में गोताखोर जुट गए हैं।
विज्ञापन
कड़ा धाम थाना क्षेत्र के दारानगर के रहने वाले मनमोहन मिश्र का गत दिनों निधन हो गया था। सोमवार को उनका दसवां था। परिवार के सभी लोग घाट पर क्षौर कर्म संस्कार कराने के बाद गंगा में नहाने गए थे। स्नान करते समय एक ही परिवार के चार लोग गंगा में समा गए। इससे हलचल मच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने सभी को बचाने का प्रयास किया। पानी में डूब रहे शिखर मिश्र (30) को बाहर निकाला गया। उनको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पानी में डूबे जयकृष्ण मिश्र (55) पुत्र स्व. मनमोहन की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला जा सका।
गहरे पानी में समाए जय जनार्दन मिश्र (52) और उनके पुत्र ऋषभ मिश्र (16) की तलाश जारी है। ऋषभ मिश्र प्रयागराज में रहता है। उनके पिता जनार्दन मिश्र फौज से रिटायर हुए हैं। घटना से परिवार में हाहाकार मच गया है। सूचना पाकर कड़ा और सैनी की पुलिस फोर्स के साथ एडिशनल एसपी राजेश सिंह, सीओ अवधेश विश्वकर्मा, एसडीएम सिराथू अजेंद्र सिंह आदि पहुंच गए हैं। अधिकारियों के अनुसार लापता लोगों की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई जा रही है।