दोआबा के प्राथमिक और जूनियर स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सेहत समाजवादी पौष्टिक आहार योजना से सुधरेगी। शासन के फरमान के बाद अब स्कूलों में प्रत्येक सोमवार को मौसमी फल का वितरण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने प्रति छात्र चार रुपये का निर्धारण किया है। फल वितरण कराने के लिए बीएसए ने मातहतों की लगाम कस दी है।
अखिलेश सरकार द्वारा प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सेहत सुधारने के लिए सूबे की सरकार ने पिछले साल दूध बंटवाना शुरू किया था। भोजन के साथ दूध मिलने पर बच्चों की सेहत में कुछ सुधार होता दिखा लेकिन बच्चों में बुद्धि का पूरा विकास होने के लिए उनका स्वस्थ होना जरूरी है। इसे देखते हुए उन्होंने समाजवादी पौष्टिक आहार योजना की शुरुआत कर दी है। इसके अंतर्गत अब सोमवार को स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को चार रुपये कीमत का मौसमी फल मुहैया कराया जाएगा। योजना को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी डीएस यादव ने शुक्रवार को मातहतों की लगाम कसते हुए कहा कि फलों के वितरण में तनिक भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।