मंझनपुर। कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में बुधवार को सीएम डैशबोर्ड की बैठक हुई। जिला कृषि रक्षा अधिकारी समेत चार अफसर गैरहाजिर रहे। इस पर सीडीओ ने इनका वेतन रोकने का आदेश दिया है।
सीडीओ डॉ. रवि किशोर त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल योजना, सड़कों के निर्माण, पशुओं के टीकाकरण समेत अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अफसरों को योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अफसरों से कहा कि दफ्तर की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखें। जहां भी कोई कमी हो, उसे दूर कराएं। आईजीआरएस की शिकायतों के समय पर निस्तारण पर जोर दिया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी, मंडी सचिव, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, उपायुक्त वाणिज्यकर बैठक में शामिल नहीं हुए। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में एडीएम एफआर जयचंद्र पांडेय, सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी आरएस यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजीत प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।