यातायात के लिहाज से अति संवेदनशील माना जाने वाला सैनी चौराहा डग्गामार वाहनों का पार्किंग स्थल बनकर रह गया है। शिकायत है कि चौराहे के चारों मार्ग पर और हाईवे पर हर वक्त तिपहिया वाहन खड़े रहकर सवारी भरते रहते हैं। उन्हें टोकने वाला कोई नहीं होता है।
नेशनल हाईवे पर सैनी चौराहा स्थानीय कोतवाली के ठीक बगल स्थित है। यातायात के लिहाज से अति संवेदनशील इस चौराहे से सिराथू, कड़ा, अजुहा और सैनी जाने का मार्ग बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत है कि स्थानीय तिपहिया चालकों का चौराहे के चारों मार्ग पर हर वक्त कब्जा रहता है। तिपहिया चालक मुख्य मार्ग पर अपने वाहन खड़ा कर सवारी भरते हैं। स्थानीय पुलिस का संरक्षण होने से कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है।
लोगों का कहना है कि चौराहे पर वाहनों की पार्किंग होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। हादसा होने के बाद कुछ समय के लिए डग्गामार वाहन चालक अपनी गाड़ियां लेकर फरार हो जाते हैं। फिर समय गुजरने के बाद पुराना हाल हो जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस द्वारा पैदल गश्त शुरू करने के दौरान इस पर अंकुश लगा था। बाद में पुलिस की यह पहल भी हवा-हवाई हो गई।