जिला पंचायत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.78 करोड़ रुपये खर्च कर 20 सड़कों की मरम्मत कराकर उन्हें गड्ढामुक्त कराने की तैयारी में है। इन कार्यों को त्योहारों से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। लोगों को जर्जर सड़कों से राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला पंचायत की कार्ययोजना में सड़कों के सुधार के लिए तीन तरह के काम शामिल हैं। इनमें पैच मरम्मत, रेस्टोरेशन और नवीनीकरण प्रमुख हैं। पैच मरम्मत के तहत सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक किया जाएगा। रेस्टोरेशन के माध्यम से खराब सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। नवीनीकरण के तहत चिह्नित मार्गों को नए सिरे से बेहतर बनाया जाएगा। मंशा सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने की है।
यह योजना नेवादा, कड़ा, चायल, मंझनपुर, सिराथू, मूरतगंज, कौशाम्बी और सरसवां विकासखंड के संपर्क मार्गों को कवर करेगी। इससे इन क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। आवागमन में होने वाली परेशानी कम होगी।
नेवादा से सिराथू तक पैच मरम्मत के लिए चयनित प्रमुख मार्ग
पैच मरम्मत के तहत नेवादा क्षेत्र में चकपिन्हा मार्ग से अकबराबाद गुहौली संपर्क मार्ग की मरम्मत होगी। सराय अकिल-पुरखास मार्ग से चौधरी हसन काजिम गर्ल्स इंटर कॉलेज जाने वाला मार्ग भी दुरुस्त किया जाएगा। कड़ा क्षेत्र में रामपुर बढ़नावों के मजरा मलाक पचंभा का संपर्क मार्ग सुधारा जाएगा। लुकिया में नहर के पुल के पास से गुलाब सिंह के घर तक जाने वाले मार्ग की भी मरम्मत होगी। चायल के शेषपुर रसूलपुर मार्ग और मंझनपुर के अषाढ़ा पेट्रोल पंप से छिमिरक्षा संपर्क मार्ग भी इसमें शामिल हैं। पिडरा चौराहे से पिडरा-सहावनपुर गांव तक और करारी-पश्चिम मार्ग से पारा हसनपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत भी कार्ययोजना का हिस्सा है।
रेस्टोरेशन और नवीनीकरण के कार्य
रेस्टोरेशन के तहत मूरतगंज में पैगंबरपुर से भीटी संपर्क मार्ग को ठीक किया जाएगा। मलाक भारत में चरवा-भरवारी रोड से लोनिया का पुरवा संपर्क मार्ग भी दुरुस्त होगा। कौशाम्बी विकासखंड के मीरापुर से बरई बंधवा मार्ग और सरसवां क्षेत्र के अन्य संपर्क मार्ग भी इस योजना में शामिल हैं। वहीं, नवीनीकरण के तहत सरसवां के रानीपुर से पोतनिहा का पुरवा मार्ग को बेहतर बनाया जाएगा। सिराथू क्षेत्र में शायनगर से गोसैलमपुर होते हुए थोन संपर्क मार्ग का भी नवीनीकरण होगा। मूरतगंज-राजापुर मार्ग से उमरा होते हुए कुलौली संपर्क मार्ग को भी बेहतर बनाया जाएगा।
वर्जन-
त्योहारों से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। संबंधित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होंगे। स्वाति सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत