पंजाब के जालंधर कैंट से सूबेदारगंज आ रही जम्मू मेल में यात्री का मोबाइल चोरी होने के बाद उसके खाते से करीब 1.66 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। खिजिरपुर कैलई उर्फ इमलीगांव निवासी पीड़ित आलोक तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पीड़ित के अनुसार वह 18 अगस्त को जम्मू मेल के कोच एस-5 में सफर कर रहे थे। 19 अगस्त की सुबह करीब 4:50 बजे सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी। इस दौरान वह फोन खोजने लगे लेकिन वह नहीं मिला।
पीड़ित ने बताया कि मोबाइल में ऑनलाइन पेमेंट एप सक्रिय था। आरोप है कि चोरों ने 19 और 20 अगस्त को उनके बैंक खाते से 13 बार में करीब 1.66 लाख रुपये यूपीआई के जरिये निकाले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।