सात स सैनी कोतवाली में दर्ज लूट के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार करने में पुलिस को सात साल बाद सफलता मिली। बदमाश के साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। मंगलवार को पकड़े गए बदमाश के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान कर दिया गया।
अजुहा कस्बा निवासी छोटकू व उसकी पत्नी के साथ सात साल पहले बदमाशों ने मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। सैनी पुलिस ने छोटकू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद वारदात का खुलासा किया। पकड़े गए बदमाशों के पास से छोटकू के यहां से लूटे गए जेवर भी बरामद हुए।
बदमाशों ने बताया था कि राममणि पांडेय निवासी धाता जनपद फतेहपुर के साथ मिलकर उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया था। तब से राममणि पुलिस को चकमा देकर फरार चल था। सोमवार शाम मुखबिर की सूचना पर अजुहा चौकी प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने राममणि को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस पहले ही चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर चुकी है।