अजुहा/टेंवा (कौशाम्बी)। सड़क हादसों में रविवार को 10 वर्षीय बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा मंझनपुर के टेंवा बाजार के समीप हुआ। जहां टेंपो सवार बालक का सिर ट्रैक्टर से टकरा गया था। दूसरी घटना अजुहा की है। बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार भाईयों को रौंद दिया था। इनमें से एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोर्रों गांव निवासी संतोष कुमार रैदास तांगा चलाता है। शनिवार को उसकी पत्नी बच्चों के साथ रायपुर हटवा रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने गई थी। रविवार दोपहर बच्चों समेत वह टेंपो से घर लौट रही थी। जैसे ही टेंपो टेंवा बाजार के समीप पहुंचा। उसके 10 वर्षीय बेटे को उल्टी होने लगी। वह टेंपो से सिर निकालकर उल्टियां कर रहा था। तभी सामने से आए ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
सिर में टक्कर लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में खून से लथपथ बेटे की लाश देख विवाहिता और उसके अन्य बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आते देख टेंपो और ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, सैनी कोतवाली क्षेत्र के संभई गांव निवासी हनुमंत सिंह (25) पुत्र सुरेश कुमार सिंह रविवार की सुबह भाई कुशल सिंह (20) के साथ बाइक से फतेहपुर रिश्तेदार के घर गया था। दोपहर करीब 1 बजे दोनों घर आ रहे थे। अजुहा के भोला चौराहे के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई बाइक से गिरकर ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बड़े भाई हनुमंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छोटे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसओ श्री प्रकाश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसा करके भागे ट्रक चालक की तलाश कर रही है।