डॉ. रिजवी कॉलेज करारी में चल रहे अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन शुक्रवार को तीन मैच खेले गए। इसमें रियाज इंटर कॉलेज, अनवारूल हक और माता प्रसाद इंटर कॉलेज ने जीत हासिल की।
पहला मैच जनार्दन प्रसाद इंटर कॉलेज और रियाज इंटर कॉलेज उखैया खास के बीच खेला गया। जनार्दन प्रसाद की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। रियाज इंटर कॉलेज ने निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट खोकर 86 रन बनाए। जवाब में जनार्दन प्रसाद पांडेय इंटर कॉलेज की टीम 6.1 ओवर में मात्र 23 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। रियाज इंटर कॉलेज ने मुकाबला जीत लिया। मैन ऑफ द मैच आयुष को चुना गया।
दूसरा मैच अनवारूल हक सिद्दीकी गर्ल्स इंटर कॉलेज और देशबंधु इंटर कॉलेज के बीच हुआ। देशबंधु इंटर कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। अनवारूल हक सिद्दीकी ने 10 ओवर में नौ विकेट पर 73 रन बनाए। जवाब में देशबंधु इंटर कॉलेज की टीम 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 60 रन ही बना सकी। विजेता टीम के मनमोहन को मैन ऑफ द मैच दिया गया। उन्होंने तीन छक्के व दो चौकों की मदद से 29 रन बनाए।
तीसरा मुकाबला माता प्रसाद इंटर कॉलेज टिकरा मवई और उदय प्रकाश इंटर कॉलेज सिरसी के बीच खेला गया। माता प्रसाद इंटर कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8.4 ओवर में 50 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए उदय प्रकाश इंटर कॉलेज की टीम 9.3 ओवर में 48 रन ही बना सकी। विजेता टीम के कार्तिकेय को मैन ऑफ द मैच दिया गया। उन्होंने 19 रन बनाए और दो विकेट लिए।
विजेता टीम के खिलाड़ियों को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश सक्सेना, खेल सचिव डॉ. मोहित कुमार त्रिपाठी, डॉ. अशरफ अब्बास, विजय बहादुर और खेल प्रशिक्षिका हसीरून निशा ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर खेल कोऑर्डिनेटर एजाज अहमद, मुकेश ज्ञान सिंह कुशवाहा, दीपक कुमार मिश्र मौजूद रहे।