होली और पंचायत चुनाव की वजह से बड़ी संख्या में जिले में वापस लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान से घर वापसी करने वालों पर खास निगाह रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन भरवारी व सिराथू रेलवे स्टेशन पर खास चौकसी बरत रहा है।
जिले के युवा बड़ी संख्या में दिल्ली, महराष्ट्र, पंजाब आदि राज्यों में रोजगार करते हैं। पिछले वर्ष 22 मार्च को हुए लॉकडाउन की वजह से प्रवासी श्रमिक घर लौट आए थे। जून माह में अनलॉक होते ही ज्यादातर लोग फिर से अपने पुराने रोजगार स्थल पर चले गए। अब होली और पंचायत चुनाव को लेकर प्रवासियों की घर वापसी हो रही है।
इस बीच महाराष्ट्र, दिल्ली, केरल, राजस्थान, पंजाब आदि राज्यों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने से शासन-प्रशासन की नींद उड़ गई है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने प्रदेश के सभी जिलों को महाराष्ट्र एवं केरल से आने वाले यात्रियों की कोविड जांच कराने और क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि सीएचसी सिराथू एवं पीएचसी मूरतगंज के प्रभारी को भरवारी व सिराथू रेलवे स्टेशन मास्टर के संपर्क में रहकर ऐसे यात्री जो जिले में महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, राजस्थान, नई दिल्ली से यात्रा करके आए हैं, उनकी सूची प्राप्त करने का निर्देश दिए गए हैं। सूची के अनुुसार यात्रियों को सर्विलांस करते हुए लक्षण युक्त व्यक्ति का एंजीटन टेस्ट कराया जाएगा। साथ ही सभी को एक सप्ताह के लिए होम क्वरंटीन होने की सलाह दी जाएगी।
फिर सक्रिय की जाएंगी ग्राम निगरानी समितियां
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने ग्राम निगरानी समिति एवं मोहल्ला निगरानी समिति को फिर से पहले सरीखे सक्रिय करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा आमजन को भी शारीरिक दूरी का पालन व मास्क लगाने की सलाह देने के साथ ही हैंड सैनिटाइजेशन करने की सलाह दी जा रही है।
जिले में कोरोना जांच के लिए 27 मार्च तक विशेष अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में 15 मार्च से कोरोना जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 27 मार्च तक चलेगा। रविवार को सब्जी-फल विक्रेताओं के नमूने लेकर जांच कराई गई। बताया कि एंटीजन और आरटीपीसीआर दोनों तरह की जांचें की जा रहीं हैं।
किस दिन किसी होगी कोविड जांच-
15-16 मार्च: स्कूल-कॉलेज में छात्र, स्टाफ
17 मार्च: दूसरे शहरों की यात्रा या नौकरी कर अप-डाउन करने वाले लोग
18 मार्च: खाने-पीने की स्टॉल लगाने वाले, पान विक्रेता
19 मार्च: मिष्ठान भंडार, डेयरी स्टाफ
20 मार्च: ऑटो-रिक्शा चालक
21 मार्च: रोडवेज, निजी बस स्टाफ
22 मार्च: रंग-पिचकारी बेचने वाले
23 मार्च: रेस्टोरेंट-होटल स्टाफ
24 मार्च: मॉल स्टाफ, बाजार
25 मार्च: होली की सामग्री बेचने वाले
26 मार्च: बाहर से आने वाले लोग
27 मार्च: शराब-ठंडाई विक्रेता