महिला की हत्या में पति व बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मारुफपुर गांव में हुई थी घटना
मृतका के छोटे बेटे ने ही दर्ज कराई प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मारुफपुर गांव में बुधवार शाम हुए हत्या मामले में मृतका के पति व बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। मृतक महिला के छोटे बेटे ने ही प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मारुफपुर गांव की रजनी देवी गृहणी थी। बुधवार शाम चाल-चलन के शक पर कहासुनी के बाद बड़े बेटे चौबे व पति रामचंद्र ने लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या की जानकारी मिलते ही सीओ सिराथू रामवीर सिंह ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस टीम को देखते ही हत्यारोपी फरार हो गए। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। सीओ ने बताया कि मृतक महिला के छोटे बेटे सत्येंद्र की तहरीर पर आरोपी रामचंद्र व चौबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।