संदीपनघाट के काजीपुर गांव में रविवार रात महादेव की हत्या के आरोपी छोटे भाई भगौती को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आंख में पछतावे के आंसू थे। उसका कहना था कि गुस्से में होश खो दिया था। पिटना (कपड़ा धुलने वाला डंडा) से उसने अपने भाई के कंधे पर वार किया, लेकिन वह झुक गए और डंडा उनके सिर में लग गया था।
काजीपुर निवासी मसुरियादीन की मौत करीब 40 साल पहले सड़क हादसे में हो गई थी। करीब 20 साल पहले उनकी पत्नी मुंगली भी चल बसी थीं। घर में सिर्फ बड़ा बेटा महादेव व छोटा भगौती ही बचे थे। दोनों भाइयों में बहुत मेलजोल था। दोनों की उम्र में भी महज पांच साल का ही अंतर था।
इन दिनों महादेव की पत्नी निर्मला गर्भवती है। वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही है। रविवार रात रात खेत से लौटे महादेव ने घर के सामने एक डलिया सरपत रखने के विवाद में बड़े भाई भगौती पर डंडे से हमला कर दिया था। सिर में चोट लगने के कारण महादेव की मौत हो गई थी।
थानाध्यक्ष भुवनेश चौबे का कहना है भाई की हत्या के आरोपी भगौती को तेरहमील के समीप से गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिटना भी बरामद कर लिया गया है। मंगलवार को जब उसका चालान किया गया तो वह पछतावे पर फूट-फूटकर रो पड़ा। उसकी आंखों में पश्चाताप के आंसू बार-बार निकल रहे थे।