संदीपनघाट पुलिस हत्थे चढ़ा दुष्कर्म आरोपी सुमित उर्फ गुंडा।
- फोटो : संवाद
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के इमामगंज बाजार के समीप पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके ऊपर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। साथ ही जिले के कई थानों में दर्जन भर से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
संदीपन घाट क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि चार नवंबर 2024 की रात उसकी 15 वर्षीय बेटी शौच के लिए गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और तलाश शुरू कर दी। कुछ दिन पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। पूछने पर उसने अर्का फतेहपुर निवासी सुमित उर्फ गुंडा पर अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराते हुए बयान दर्ज कराया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर आरोपी सुमित को इमामगंज बाजार के समीप से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ करारी, पश्चिम शरीरा, संदीपन घाट समेत कई थानों में कुल 13 अन्य मुकदमे पंजीकृत हैं। वह गैंगस्टर का आरोपी भी है। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी है।
युवक के हत्या के आरोपी भेजे गए जेल
पिपरी के चायल कस्बा स्थित शराब की दुकान के समीप सोमवार की सुबह मिले सतीश के शव के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष शिवचरन राम ने बताया कि मृतक की मां मीना देवी की तहरीर पर मंगलवार को जेठ कल्लू, देवर रामानुज व भतीजे कृष्णा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर व कान में चोट की पुष्टि हुई थी। सभी आरोपियों ने पूछताछ में शराब पीने के बाद कहासुनी के बीच मारपीट करते हुए सिर पर डंडे से वार करने का जुर्म कबूल किया। मखऊपुर तिराहा के समीप झाड़ियों से डंडा भी बरामद किया गया। साथ ही तीनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।