सैनी थाना क्षेत्र के रामपुर धमावां गांव में जमीन और पैसों के विवाद में बाबा की हत्या करने वाले पोते को पुलिस ने घटना के पांचवें दिन गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि जमीन बेचने से मना करने पर उसने बाबा की कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की थी।
सैनी थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर धमावां में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पोते नितिन कुमार पुत्र दिनेश कुमार को बुधवार को गांव के पास से ही गिरफ्तार किया था है। सात मार्च को गुलजारा देवी ने सैनी थाने में सूचना दी थी कि उनके नाती नितिन कुमार ने उनके पति बाबूलाल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
रामपुर धमावां गांव में बुजुर्ग की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। -राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक