मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के कब्जे से रोजाना जाम लगता है। यहां चालक सवारी के इंतजार में वाहन गेट के सामने ही खड़े कर देते हैं। जिससे मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल आने-जाने में परेशानी होती है।
ओसा रोड स्थित वाहन पार्किंग स्थल होने के बावजूद सवारी वाहन मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने खड़े होते हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और एंबुलेंस को होती है। जाम के कारण कई बार एंबुलेंस को भी अस्पताल तक पहुंचने में देर हो जाती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
-
बोले जाम में फंसे लोग :
:: ओसा मंडी काम से जा रहा था, लेकिन मेडिकल कॉलेज गेट पर जाम में फंस गया। यहां रोजाना यही हाल रहता है। ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भरते हैं, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। सानू, समदा।
:: मरीज को कार से लेकर मेडिकल कॉलेज आया था, लेकिन गेट पर जाम के कारण काफी देर तक फंसा रहा। ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भरते रहते हैं, जिससे अस्पताल आने-जाने में दिक्कत होती है। प्रशांत द्विवेदी।
-
:: मेडिकल कॉलेज गेट पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाती है। सवारी वाहनों को सड़क पर खड़ा कर जाम लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। - सत्येंद्र तिवारी, ट्रैफिक सीओ