सदर कोतवाली के चक खोदायगंज में राम मूरत विश्वकर्मा की हत्या कर शव को फेंका गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट व बेटे की तहरीर के बाद अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चक खोदायगंज राम मूरत विश्वकर्मा (55) किसान थे। गांव के बाहर एक मंदिर के पास वह खेत पर रहकर रखवाली का काम करते थे। बुधवार की शाम वह पत्नी संगीता के साथ खेत गए थे। पत्नी तो शाम को घर लौट आई लेकिन, वह नहीं लौटे।
बृहस्पतिवार की सुबह जब राम मूरत खाना खाने घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने इनकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के बाद राम मूरत का शव मंदिर के पास झाड़ियों के बीच झुलसी दशा में मिला। इस पर परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट देर शाम थाने पहुंची।
पुलिस ने बेटे अनिल कुमार व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।
किसान राम मूरत के बेटे अनिल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। खुलासे के लिए चौकी व थाने की अलग-अलग टीम लगाई गई है।- शिवांक सिंह, सीओ मंझनपुर