प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक रेल परिचालन योजना तैयार की है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ जरूरत के अनुसार नियमित ट्रेनों के विस्तार और समय में बदलाव की व्यवस्था की गई है।
पीईटी परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर और एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। रेल प्रशासन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05153 बलिया से रात 7:30 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन कई स्टेशनों से होते हुए प्रयागराज रामबाग रात 12:40 बजे, प्रयागराज जंक्शन रात एक बजे और सिराथू स्टेशन तड़के 1:58 बजे पहुंचेगी। इसके बाद फतेहपुर होते हुए सुबह छह बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05154 कानपुर सेंट्रल से दोपहर 12:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन फतेहपुर और सिराथू रेलवे स्टेशन 3:40 बजे होते हुए प्रयागराज जंक्शन शाम 6:10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद वाराणसी सहित अन्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन निर्धारित तिथियों पर तीन फेरों में किया जाएगा। ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 10 और दो एसएलआर सहित कुल 12 डिब्बे होंगे। पीईटी में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में जाना होगा। परीक्षा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक होने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।