मंझनपुर। जिला पंचायत के सभागार में बृहस्पतिवार को किसान ऋण वितरण शिविर लगा। डीएम ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से 742 किसानों को 21 करोड़ के ऋण स्वीकृति किए गए। कई लाभार्थियों ने डीएम ने डमी चेक भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि कौशाम्बी के अधिकतर लोग कृषि पर निर्भर हैं। यहां की मिट्टी बहुत उपजाऊ हैं। कई किसान अपनी मेहनत से वर्ष में तीन फसल ले लेते हैं। किसानों की मेहनत से ही जनपद में प्रति हेक्टेयर उत्पादकता लगातार बढ़ रही है। किसानों का रुझान व्यवसायिक फसलों की तरफ बढ़ रहा है। इससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। जिले में इजरायल के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने किसानों से खेती में आधुनिक तकनीकी को अपनाने की बात कही। डीएम ने कहा कि इससे कम समय और लागत में अधिक बेहतर उत्पादन लिया जा सकता है। मोटे अनाज का अधिक से अधिक उत्पादन करने और पराली न जलाने की अपील भी की। इस मौके पर बैंक ऑफ बड़ाैदा के उप महाप्रबंधक लखनऊ अंचल रचना मिश्रा एवं क्षेत्रीय प्रबंधक प्रयागराज भारत भूषण, उप क्षेत्रीय प्रबंधक आरके सिंह, सीडीओ डॉ. रवि किशोर त्रिवेदी, डीडी कृषि सतेंद्र तिवारी मौजूद रहे।