किसानों को सालभर बाद भी राहतराशि नहीं मिलने पर बुधवार को कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित 8 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। जल्द मुआवजा नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तलत अजीम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में किसान बिजली, पानी के लिए तरस रहे हैं। मौसम की मार से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा सालभर बाद भी नहीं दिया जा सका है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। रोजाना हत्याएं हो रही हैं। आम आदमी दहशत में जीने को मजबूर है।
वहीं अपना गुणगान करने के लिए सरकार आयोजनों में जुटी है। जबकि किसान, मजदूर की उसे कोई चिंता नहीं है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इसमें किसानों को जल्द मुआवजा दिए जाने, छात्रों की छात्रवृत्ति दिए जाने, अल्पसंख्यकों को उनके अधिकार देने आदि मांगें शामिल रहीं। इस मौके पर मुमताज सिद्दीकी, लाल चंद्र कुशवाहा, रामबहादुर त्रिपाठी, लालती देवी, शहिद सिद्दीकी, सत्येंद्र प्रताप सिंह, एहसान उस्मानी, बरसाती लाल पंडा, श्याममूर्ति तिवारी, पुष्पराज पांडेय आदि मौजूद रहे।