समाजवादी विकास दिवस पर लैपटॉप नहीं मिलने से भड़के तमाम छात्र-छात्राओं ने बुधवार को डीआईओएस दफ्तर के सामने जमकर हंगामा किया। करीब घंटेभर नारेबाजी के बाद बैरंग लौट गए। डीआईओएस ने बताया कि मुख्यालय समेत सभी ब्लाकों में 10-10 बच्चों को लैपटॉप बांटे गए हैं। शेष विद्यार्थियों को 5 अप्रैल को इसका वितरण किया जाएगा।
समाजवादी विकास दिवस के मौके पर इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लैपटाप बांटा जाना था। इसके लिए विभिन्न स्कूलों के 263 छात्र-छात्राओं को चिह्नित किया गया था। मंगलवार और बुधवार को जिला मुख्यालय समेत जनपद के सभी ब्लाकों में कार्यक्रम के दौरान सिर्फ 10-10 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया गया। लैपटाप नहीं पाने वाले छात्र-छात्राएं डीआईओएस दफ्तर आए थे। कनवार, बाकरगंज, अजुहा, अटसराय आदि विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी दोपहर तक डीआईओएस दफ्तर के सामने धूप में खड़े होकर लैपटॉप मिलने के इंतजार करते रहे, लेकिन दफ्तर में डीआईओएस समेत अन्य अधिकारी नहीं मिला।
घंटों इंतजार के बाद जब छात्र-छात्राओं को लैपटाप नहीं मिला, तो वे हंगामा काटने लगे। डीआईओएस के खिलाफ विद्यार्थियों ने करीब घंटेभर तक नारेबाजी की। इसके बाद घर लौट गए। मामले में डीआईओएस राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी 263 मेधावियों को लैपटॉप दिया जाना है। ब्लाक और जनपद मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान 10-10 बच्चों को वितरण कर दिया गया है। शेष विद्यार्थियों को इसका वितरण 5 अप्रैल को कराया जाएगा। उनका दावा है कि बुधवार को किसी भी बच्चे को लैपटॉप के लिए दफ्तर नहीं बुलाया गया था। 5 अप्रैल को वितरण की सूचना कार्यालय के सूचनापट पर मंगलवार को ही चस्पा कर दी गई थी।