कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में चल रही मोदी वैन इन दिनों सुर्खियों में है। ग्रामीण इलाकों में यह वैन लोगों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस पहल को अद्भुत प्रयास बताया। कौशाम्बी सांसद के इस प्रयास पर प्रधानमंत्री कार्यालय से उन्हें दिल्ली बुलाया गया।
बुधवार को सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर विकास कार्यों, कौशाम्बी महोत्सव और सांसद खेल स्पर्धा पर विस्तार से चर्चा की। सांसद ने प्रधानमंत्री को कौशाम्बी महोत्सव का आमंत्रण पत्र भी दिया। प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों पर प्रकाशित सांसद खेल स्पर्धा और कौशाम्बी महोत्सव पुस्तिका की सराहना की।
सांसद के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पांडेय ने बताया कि कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में दो बार जीत दर्ज करने वाले सांसद विनोद सोनकर को संगठन ने राष्ट्रीय सचिव के साथ संसदीय आचार समिति लोकसभा का चैयरमैन बनाया है। केंद्र शासित प्रदेश दादर नगर हवेली और दमन दीव के प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि नरेंद्र मोदी के सत्ता में 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मोदी वैन को हरी झंडी दिखाई थी। यह वैन कौशाम्बी विकास परिषद की ओर से संचालित की जा रही है। मोदी वैन में 32 इंच का टीवी स्क्रीन लगा है, जो पूरी तरह हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस से लैस है।