प्रयागराज एसटीएफ ने बुधवार भोर पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां निवासी रिजवान के घर में छापामारी की। इस दौरान प्रयागराज के चकिया में रहने वाला माफिया अतीक का करीबी पकड़ा गया। वह पिछले चार दिन से यहां (बहन की ससुराल में) छिपकर रह रहा था।
माना जा रहा है कि जेल में बंद माफिया अतीक के बावर्ची राकेश उर्फ लाला को रिमांड पर लेने के बाद कुछ अहम जानकारी हाथ लगीं। इसके बाद एसटीएफ ने माफिया के करीबी को गिरफ्तार किया है।
24 फरवरी को विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व उनके दो सरकारी सुरक्षा कर्मियों को माफिया अतीक के शूटर ने गोली व बम मारकर मौत के घाट उतार दिया था।
घटना की जांच में जुटी एसटीएफ को जानकारी मिली कि हत्याकांड की साजिश साबरमती (गुजरात) की जेल में बंद माफिया अतीक अहमद व बरेली जेल में बंद उसके भाई अशरफ ने रची थी।
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। घटना में शामिल रहा अतीक का बेटा असद व अन्य शूटर फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच लाख का इनाम घोषित कर रखा है। इसके बाद एसटीएफ की निगाह अतीक के परिवार से जुड़े उन लोगों पर गढ़ी जो हत्याकांड में पक्ष या परोक्ष रूप से शामिल थे।
इसी मामले में पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां गांव निवासी नाकेश उर्फ राकेश उर्फ लाला को चार मार्च को एसटीएफ उसके घर से गिरफ्तार करके ले गई थी। राकेश की निशानदेही पर माफिया के कार्यालय में छिपाकर रखे लाखों रुपये व असलहे बरामद किए थे।