प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुलामी के चिह्नों को खत्म कर एक नए भारत का निर्माण कर रहे हैं। नया संसद भवन बनाकर उन्होंने गुलामी के चिह्न पर न चलने की मिसाल पेश की है। यह कहना है उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का। मंगलवार को उन्होंने रामनाथ सिंह डिग्री कालेज में जनसभा को संबोधित किया।
जिले में भाजपा की ओर से मोदी सरकारी की उपलब्धियां गिनाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रमेश पोखरियाल ने जिले का दौरा कर सरदार पटेल नगर में जनसंपर्क और सभा की। सांसद विनोद सोनकर उनके साथ रहे।
जनता के बीच जाकर पोखरियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नौ साल में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। सयारा स्थित मां शीतला गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू हुए। कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में रोज एक घोटाला होता था। ऐसा लगता था कि देश फिर से गुलाम हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से देश की कमान संभाली, तब से देश फिर विश्व गुरु बनने की राह पर चल पड़ा। सरकार सबका साथ, सबका विश्वास वाली सोच के साथ काम कर रही है। अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया गया है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, लाल बहादुर, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पा, नगर पालिका मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भरवारी नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी आदि मौजूद रहे।