भोजपुर गांव में बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन ठीक करने का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
भोजपुर निवासी दलीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका चचेरा भाई शिवबहादुर उर्फ भुंदल से गांव के ही भगवत प्रसाद मिश्र उर्फ बबलू मिश्र से रंजिश चल रही है।
आरोप है कि 23 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे आरोपी गाली-गलौज करते हुए शिवबहादुर पर बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन ठीक करने का दबाव बनाने लगे।
पोल पर करंट मौजूद होने की बात कहकर शिवबहादुर ने चढ़ने से मना किया, लेकिन आरोपियों ने धमकी देते हुए उसे पोल पर चढ़ने को मजबूर किया। इसी दौरान बिजली का तार कटे होने के कारण करंट की चपेट में आकर शिवबहादुर नीचे गिर गया। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी समेत शरीर की कई हड्डियां टूट गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी भारत पुत्र बचनलाल और संदीप कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।