प्राथमिक विद्यालय पितंबरपुर के प्रधानाध्यापक कमलेश तिवारी को बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए प्राथमिक विद्यालय एकौरा से संबद्ध कर दिया है। यह निलंबन आदेश मध्याह्न भोजन में अनियमितता पाए जाने समेत 13 आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने के बाद लिया गया।
जांच में एमडीएम के निर्धारित मीनू और मानक का पालन न करने, कनवर्जन कॉस्ट व अनाज आवंटन में हेराफेरी, समुचित मात्रा में दूध व फल वितरित न करने और एमडीएम के अभिलेखों में अनियमितता के आरोप सामने आए। विद्यालय के खाते में सितंबर 2025 से मई 2026 तक 57,272.74 रुपये कनवर्जन कॉस्ट भेजे जाने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण भोजन न दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
इसके अलावा डिजिटल उपस्थिति, यू-डायस, अपार आईडी, डीबीटी की फोटो अपलोड और निपुण प्लस ऐप पर विद्यार्थियों के आकलन में भी कमियां मिलीं। जांच में समायोजित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का भी आरोप है।
बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि जांच आख्या के आधार पर प्रधानाध्यापक पर लगाए गए 13 आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए हैं। इसी आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय/सरसवां राजीव प्रताप सिंह को मामले का जांच अधिकारी नामित किया है।