सर्वोदय विद्यालयों में बोर्डिंग स्कूलों की कार्यप्रणाली लागू करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग एक बार फिर विद्यालयों की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करा रहा है।
जिले में पांच जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय हैं। इन स्कूलों में बोर्डिंग स्कूलों की कार्यप्रणालियों को लागू करने की तैयारी हो रही है। समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि हाल ही में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने देहरादून स्थित द दून स्कूल में बोर्डिंग स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक में शामिल हुए थे।
इसके बाद विभागीय बैठक में सर्वोदय विद्यालयों में बोर्डिंग स्कूलों जैसी व्यवस्थाएं लागू करने को लेकर चर्चा हुई। वर्तमान में विद्यालयों की सुविधाओं का फिर से मूल्यांकन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों, प्रधानाचार्यों व शिक्षकों की एक टीम बोर्डिंग सुविधाओं का अध्ययन करने के लिए जाएगी।
टीम वहां की शिक्षण पद्धति, छात्र देखभाल प्रणाली, छात्रावास प्रबंधन एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझेगी। इसके आधार पर सर्वोदय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर विचार होगा।