त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कौशाम्बी पुलिस की तैयारियों से नाखुश पुलिस महानिरीक्षक ने चुनाव के दौरान असलहे दिखने पर थानेदार को निलंबित किए जाने का फरमान जारी किया है। वे बृहस्पतिवार को चुनावी तैयारियों का जायजा लेने कौशाम्बी आए थे। आईजी ने एएसपी और सीओ को अतिसंवेदनशील केंद्रों की निगरानी करते रहने की हिदायत दी। वहीं चुनाव के साथ दुर्गापूजा, दशहरा, मोहर्रम त्यौहारों को भी सकुशल निपटाने का निर्देश मातहतों को दिया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी का जायजा लेने आईजी जोन बीबी शर्मा बृहस्पतिवार की शाम कौशाम्बी आए। पुलिस कार्यालय में एसपी समेत अन्य पुलिस अफसरों के साथ बैठक करके उन्होंने मतदान केंद्र, उनकी संवेदनशीलता, निरोधात्मक कार्रवाई, शस्त्रों को जमा करने की कार्रवाई और आचार संहिता उल्लंघन मामले में की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली।
असलहे जमा करने और निरोधात्मक कार्रवाई के तहत कम लोगों को पाबंद किए जाने और आचार संहिता के मामले में शून्य कार्रवाई पर बिफरे आईजी ने चेताया कि यदि चुनाव के दौरान असलहे दिखे, तो थानेदार निलंबित किए जाएंगे। उन्होंने गुंडे, माफिया, अराजकतत्वों का शस्त्र हरहाल में जमा कराने का निर्देश भी जारी किया। इसके अलावा एएसपी और सीओ को सभी अतिसंवेदनशील केंद्रों की लगातार निगरानी करने, हिंसारहित चुनाव कराने, बिना अनुमति के प्रचार में शामिल वाहनों को सीज करने, वारंटी, वांटेड की गिरफ्तारी की हिदायत दी। चुनावी तैयारी के साथ उन्होंने मातहतों को दुर्गापूजा, दशहरा, मोहर्रम आदि त्यौहारों को भी सकुशल निपटाने का निर्देश दिया है।