हफ्ते भर से मोहनपुर गांव के सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप
25 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से बढ़ी लोगों की परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कल्यानपुर। सिराथू तहसील क्षेत्र के मोहनपुर गांव में हफ्ते भर से बत्ती गुल है। इसकी वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।
अंधावां विद्युत उपकेन्द्र से जुड़े मोहनपुर गांव में 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगवाया गया है। इससे करीब सौ घरों में बिजली की आपूर्ति होती है। ग्रामीणों का कहना है कि हफ्ते भर पहले ट्रांसफार्मर अचानक जल गया। उसी रोज जेई और एक्सईएन से शिकायत की गई थी। ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। तब अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर फुंका ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराने का भरोसा दिलाया था। पर अभी तक ट्रांसफार्मर न तो ठीक कराया गया है और न ही बदलवाया गया है। इसे लेकर गांव के लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अंधेरे का लाभ उठाकर चोरी की घटनाओं का खतरा बना हुआ है। बच्चों की पढ़ाई के साथ किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। गांव वालों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।