सिराथू क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। कूरा विद्युत सब स्टेशन के शाखा फीडर से जुड़े इस गांव के करीब 25 घर अंधेरे में डूबे हैं।
रघुनाथपुर गांव का फुंका ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं बदला गया है। गांव के उमेश मिश्रा का आरोप है कि समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को कई बार दी गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं अजय सिंह ने बताया कि जूनियर इंजीनियर (जेई) और एसडीओ को कई बार फोन कर बताया गया कि गांव में लगा 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर फुंका है। उन्होंने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
विद्युत कंट्रोल रूम में भी शिकायत दर्ज कराई गई फिर भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। इससे परेशानी हो रही है। स्थानीय लाइनमैन ओमप्रकाश के अनुसार गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इससे आपूर्ति बाधित है। इस भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों का हाल बेहाल है।
पेयजल संकट गहराने के साथ ही मोबाइल चार्ज करने तक के लिए ग्रामीणों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत के साथ ही सब स्टेशन का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। वहीं एसडीओ रमाशंकर पाल ने बताया कि ग्रामीणोंं की सूचना पर जेई को रिपोर्ट तैयार कर ट्रांसफाॅर्मर बदलाने का निर्देश दिया गया है। जल्द समस्या दूर होगी।