फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: गर्मी में बिजली संकट गहराया, उपभोक्ताओं में रोष

विज्ञापन
विज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच जिले में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। रात में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में जागकर रात बितानी पड़ रही है। दारानगर समेत कई बिजली घरों पर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने विभाग से व्यवस्था सुधारने की मांग की।
विज्ञापन


दारानगर पावर हाउस पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि रात में कई-कई घंटे बिजली गायब रहने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल हो गया। लोगों का कहना था कि बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। जिले के विभिन्न उपकेंद्रों और फीडरों से भी लगातार कटौती और फाल्ट की शिकायतें सामने आ रही हैं।

सिराथू में ओवरलोड से चरमराई आपूर्ति

सिराथू। टाउन सहित ग्रामीण इलाकों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। टाउन फीडर में ओवरलोड के कारण दिन में आठ से दस बार और रात में चार से पांच बार बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। कूरामुरीदन क्षेत्र के सात फीडरों में भी ओवरलोड के कारण रोस्टर से अतिरिक्त कटौती की जा रही है। घटमापुर उपकेंद्र के नारा फीडर में जर्जर लाइन के कारण लगातार फाल्ट बना रहता है।
विज्ञापन


नेवादा में रातभर जागने को मजबूर लोग

नेवादा। पुरखास विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। रात में कई बार घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को गर्मी में रतजगा करना पड़ रहा है। अवर अभियंता मोहम्मद शफीक ने बताया कि 132 केवीए तिल्हापुरमोड़ से कटौती होने के कारण सीमित बिजली आपूर्ति मिल पा रही है।

सरायअकिल में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से बढ़ी दिक्कत

सरायअकिल। कस्बा और ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट गहराया हुआ है। लोगों का कहना है कि रातभर कटौती और दिन में लगातार ट्रिपिंग से जनजीवन प्रभावित है। जेई जैनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि ऊपर से होने वाली कटौती के अनुसार ही उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

गोपसहसा उपकेंद्र क्षेत्र में मुश्किल से मिल रही बिजली

बारा। क्षेत्र के गोपसहसा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में दिन-रात अघोषित कटौती जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक पूरी रात में मुश्किल से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। अवर अभियंता शंकर लाल ने बताया कि तिल्हापुरमोड़ और सरायअकिल से कटौती के कारण समस्या बनी हुई है।

बैरमपुर फीडर में रातभर गुल रही बिजली

महेवाघाट। पश्चिम शरीरा सेक्शन के बैरमपुर फीडर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन रात में बिजली कट जाती है और घंटों बहाल नहीं होती। गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें