क्षेत्र के लहना गांव में जहर खाने से हुई विवाहिता विमला देवी की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
परिजनों के मुताबिक 10 मार्च को विमला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान 12 मार्च को उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई का आरोप है कि पति जगजीत का मोहल्ले की एक महिला से अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि 10 मार्च को पति, ननद और संबंधित महिला ने विमला की पिटाई की थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया।