प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड प्रयागराज की टीम ने सोमवार को कड़ा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल से निकलने वाला मेडिकल वेस्ट निर्धारित प्रक्रिया से निस्तारित करने की बजाय परिसर के बगल में ही फेंका जा रहा था। इससे आसपास के वातावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा था।
निरीक्षण टीम में शामिल लैब असिस्टेंट आरएस गौतम ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई और बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण तय मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीम ने चेतावनी दी कि दोबारा अनियमितता मिलने पर अस्पताल के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के बाद क्षेत्र के अन्य निजी अस्पतालों में भी हड़कंप मच गया।