मंझनपुर। विधान परिषद चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिले में इस बार मतदान के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 17 बूथ पर कर्मचारी मतदान कराएंगे।
जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि एक बूथ पर पीठासीन के अलावा तीन कर्मचारी लगाए गए हैं। मतदान करने वाले वोटर को अपना फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना होगा। मतदाता कोविड नियमों का पालन करेगा। इसके लिए उसे मास्क लगाकर आना अनिवार्य होगा। मतदान केंद्र में वोटर को ग्लब्स दिया जाएगा। ग्लब्स लगाकर ही लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके अलावा हर मतदान केंद्र में कोविड हेल्प डेस्क होगी। जिसमें प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर किसी मतदाता को बुखार रहा तो उसे अन्य वोटर से इतर मतदान कराया जाएगा।
बंद रहेंगी शराब की दुकानें
मंझनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार शाम पांच बजे से शराब की दुकानों को बंद करा दिया गया है। यह दुकानें मतदान की समाप्ति तक बंद रहेंगी। इस दौरान अगर कोई भी शराब की दुकान खुली मिली तो उसके अनुज्ञापी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहचान पत्र न होने पर नौ विकल्पों से डाल सकेंगे वोट
मंझनपुर। पहचान पत्र नहीं होने से मतदाता शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में नौ विकल्पों में से कोई एक दिखाकर वोट कर सकेंगे। आयोग ने यह विकल्प जारी किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आम चुनाव की तरह शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदाता पहचान पत्र के अलावा नौ विकल्पों का प्रयोग कर सकेंगे। नौ विकल्पों में से कोई एक मतदान स्थल पर दिखाने पर वोट करने की अनुमित मिल जाएगी।
ये प्रपत्र दिखाकर कर सकेंगे मतदान-
-आधार कार्ड।
-पैनकार्ड।
-ड्राइविंग लाइसेंस।
-भारतीय पासपोर्ट।
-सरकारी व अर्द्धसरकारी, निजी संस्थान से जारी पहचान पत्र।
-सांसद, विधायक, एमएलसी सदस्यों से जारी पहचान पत्र।
-शैक्षिक संस्थान से जारी सेवा पहचान पत्र।
-विश्वविद्यालय से जारी उपाधि व डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र।
-सक्षम अधिकारी से जारी दिव्यांग मूल प्रमाण पत्र।