18 peoples recoverd, 12 tested covid positive
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। दोआबा में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते 24 घंटे में 12 नए लोग पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था करने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं। हालांकि, रविवार के दिन अच्छी बात ये रही कि 18 मरीज कोरोना को मात देने में सफल भी हुए हैं।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए रोजाना की तरह रविवार को भी जिलेभर में शिविर लगाकर 1386 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। 24 घंटे के भीतर विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले 12 लोग पॉजिटिव निकले हैं। सर्वाधिक छह संक्रमित सिराथू क्षेत्र में मिले हैं। इस तरह से जिले में अब तक 2190 संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि, इनमें से 2088 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। जबकि 27 कोविड पीड़ितों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 75 मरीजों का इलाज चल रहा है।