मंझनपुर। छुट्टी से ड्यूटी वापस आ रहे बाइक सवार सिपाही को एक बेकाबू ट्रक ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसा शनिवार की सुबह सिहोरी टोलप्लाजा के समीप हुआ। इलाज के दौरान घायल सिपाही की मौत हो गई। सिपाही जौनपुर के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस कर्मी की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
जौनपुर जिले के एवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव का रहने वाला फूलचंद्र (50) सिपाही था। दो साल पहले उसकी तैनाती कौशाम्बी के कोखराज कोतवाली में हुई थी। लगभग साल भर पहले वह शहजादपुर चौकी चला गया। एसओ कोखराज ने बताया कि तीन दिन पहले वह छुट्टी पर गया था। शनिवार की सुबह ड्यूटी पर आ रहा था। सिहोरी टोलप्लाजा के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मारने के बाद सिपाही को कुचल दिया। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची कोखराज पुलिस ने घायल सिपाही को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद एसआरएन हास्पिटल रेफर कर दिया। मगर दोपहर बाद वहां उसकी सांसें थम गईं। पुलिस अफसरों ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी तो घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिपाही की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।