मंझनपुर (ब्यूरो)। मानवाधिकार दिवस के मौके पर पुलिस कर्मियों ने इसके संरक्षण की शपथ ली। पुलिस लाइंस के साथ ही जिलेभर के सभी थाने और चौकियां में सुबह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
पुलिस लाइन में एसपी ने शपथ दिलाते हुए मातहतों से मानवाधिकार का पालन करने की सीख दी। कहा कि यह ड्यूटी निर्वहन के साथ ही मानवता की सेवा भी है।
बता दें कि प्रत्येक वर्ष 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर बुधवार को पुलिस विभाग द्वारा मानवाधिकार संरक्षण के लिए शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
पुलिस लाइन में सुबह आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने मातहतों को शपथ दिलाई कि वे भारतीय संविधान एवं विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय अनुबंधों द्वारा देश में लागू मानवाधिकार के संरक्षण को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मानवाधिकार का पालन करना, कराना पुलिस की ड्यूटी के साथ ही यह मानवता की सेवा भी है। उन्होंने इसके लिए लोगों को जागरूक बनने की भी सीख दी।
वहीं चेताया कि इसमें किसी भी किस्म की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लाइन के साथ ही जिले के सभी थाने और चौकियों में भी शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया।