कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र में युवती के साथ कथित गैंगरेप व धर्मांतरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पीड़िता का कलम बंद बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया।
कौशाम्बी कोतवाली इलाके की एक महिला ने आरोप लगाया कि 31 अगस्त की रात फोन कर बेटी को बुलाकर उसका व मेरा धर्म परिवर्तन करा दिया गया और बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर पिटाई भी की गई। मामला प्रकाश में आने पर एसपी राजेश कुमार के आदेश पर गोहरामारुफ पुर उर्फ रजईपुर गांव के सैफ खां, अनुज अहमद पर सामूहिक दुष्कर्म व धर्मांतरण मामले में नेहा बानो, छोटू खान, पूर्व प्रधान अतीक अहमद, कोटेदार इसरार अहमद सहित एक अज्ञात मौलाना के खिलाफ एक सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती ने अदालत में अपने बयान में साफ कहा है कि आरोपियों ने जबरन उसका धर्मांतरण कराया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को बिजिया चौराहा पानी टंकी के पास से आरोपी सैफ खां,अनुज अहमद, अतीक अहमद व यूसुफ अली को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत से उन्हें जेल भेज दिया।
युवती के साथ दुष्कर्म और धर्मांतरण के प्रकरण में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इनपर युवती ने आरोप लगाए थे। न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया। - राजेश कुमार,एसपी