चरवा कोतवाली क्षेत्र के बरियावां गांव में बृहस्पतिवार सुबह पुरानी रंजिश में दो पक्षों में हुई मारपीट में पुनीत की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही है।
बरियावां गांव निवासी प्रेम कुमार और रामसजीवन के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश में दोनों पक्ष बृहस्पतिवार सुबह आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान शिव करन उर्फ पुनीत समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद पुनीत को मृत घोषित कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत मौके पर पहुंचे और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गईं। प्रेम कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रावेंद्र, सुरजीत, रामलाल, रामानंद और अजीत समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार को पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।