जीत के बाद खुशी जताते कौशम्बी वॉरियर्स के खिलाड़ी। स्रोत- खिलाड़ी
नेवादा स्थित विद्या भारती क्रिकेट स्टेडियम में टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले के साथ समापन हुआ। फाइनल में कौशाम्बी वॉरियर्स ने परफेक्ट प्रतापगढ़ को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान दिव्य यादव के नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी दबाव के साथ जीत दर्ज की।
टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए परफेक्ट प्रतापगढ़ ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 135 रन बनाए। टीम की ओर से विकास ने 29 रन की सर्वाधिक रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान विजय मिश्रा ने 18 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी पारियां खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कौशाम्बी वॉरियर्स की शुरुआत खास नहीं रही। कप्तान दिव्य यादव 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं अवनीश यादव 19 और सर्वेश ने 15 की पारी खेली। शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में नजर आई। लेकिन खेल के बीच में उतरे खिलाड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया।
कृष्णा प्रकाश सिंह ने मैच का रुख बदलते हुए 18 गेंदों में 42 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने पांच छक्कों की मदद से यह रन बनाया। अंत में पवन कुमार ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को 17.2 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी।
मुकाबले में कमेंट्री रघुनाथ द्विवेदी ने सुनाया, जबकि अंपायर की भूमिका मोहित और अजय ने निभाई। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए कृष्णा प्रकाश सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दिव्य यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन रजनीश को बेस्ट बॉलर व कृष्णा प्रकाश सिंह को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।