सरायअकिल कोतवाली के अकबराबाद गुहौली में चंगाई सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से कई आरोपी फरार हो गए। वहीं, छह नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अकबराबाद गुहौली गांव के कुछ घरों में सोमवार की रात ईसाई धर्म से जुड़े लोग चंगाई सभा कर रहे थे। आरोप है कि सभा की आड़ में गांव के भोले-भाले लोगों को गंभीर बीमारियां ठीक करने का झांसा देकर उनका धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। गांव के महेंद्र तिवारी, श्रीकृष्ण तिवारी,आशीष कुमार, राजेन्द्र शुक्ला व दुर्गेश तिवारी आदि लोगों ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
ग्रामीणों की सूचना पर इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी की। पुलिस ने मौके से सभा के दो कथित पास्टर अठरहा कनैली गांव के गोविंद पांडेय व चरवा के शेखपुर रसूलपुर निवासी गुलबदन पाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई भाग निकले। इंस्पेक्टर ने बताया कि अकबराबाद गुहौली गांव के महेंद्र तिवारी की तहरीर पर छह नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चंगाई सभा का एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
सरायअकिल के कोटिया गांव में 11 जून को चंगाई सभा हो रही थी। शिकायत पर पुलिस ने वहां भी छापेमारी कर मुकदमा दर्ज किया था। उस मुकदमे में वांछित आरोपी अभिषेक निवासी कोटिया को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।