Atiq Ahmad Byte On FIR Against Him, Allahabad - 04 004
माफिया अतीक अहमद से जुड़े जिले के 14 लोग पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है। अब तक प्रकाश में आ चुके अतीक के पांच करीबियों का लाइसेंस निरस्त कराया जा चुका है। आठ लोगों के शस्त्र निरस्त्रीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा चायल व मंझनपुर तहसील में होने वाली रजिस्ट्री पर भी खुफिया निगाह है। माना जा रहा है कि अतीक के करीबी इन दोनों तहसीलों में दूसरे लोगों के नाम से जमीन खरीद सकते हैं।
प्रयागराज में माफिया अतीक व उसके करीबियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अतीक के भाई अशरफ की ससुराल पूरामुफ्ती के हटवा में है। पुलिस ने हटवा के जैद मास्टर के घर गिराने की भी कार्रवाई की है। इस बीच पता चला कि अतीक के संपर्क वाले जिले के भी 14 लोग हैं।
वह उसकी काली कमाई को सफेद कर रहे हैं। इसे लेकर पुलिस और खुफिया विभाग की निगाह उन पर है। खासतौर पर मंझनपुर और चायल तहसील में होने वाली रजिस्ट्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर का कहना है कि जिन लोगों को चिह्नित किया गया है उनकी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अतीक के करीबियों का आपराधिक रिकार्ड निकलवाने के बाद उनके शस्त्र निरस्त्रीकरण की कार्रवाई कराई जा रही है।