मंझनपुर। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। कलक्ट्रेट में डीएम अमित कुमार सिंह ने उनके चित्र पर माल्यापर्ण किया। इस दौरान सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने में योगदान करने का संकल्प संकल्प लिया। इसी तरह स्कूल-कॉलेजों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। उन्होंने अपनी ढृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर रियासतों को भारत संघ में मिलाया। इसी वजह से देश की पहचान अनेकता में एकता के रूप में की जाती है। उन्होंने समर्पण की भावना से अपने कर्तव्यों एवं दायित्यों का निर्वहन करते हुए देश के विकास एवं एकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी ढृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर रियासतों को भारत संघ में मिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी को उनके व्यक्त्वि एवं कृतित्व से सीख लेते हुए अपने कर्तव्यों को लगन, निष्ठा और समर्पण भाव के साथ कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर डीएम ने समारोह में मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। समारोह में एडीएम मनोज, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विनय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज त्रिपाठी सहित सभी कलक्ट्रेटकर्मी उपस्थित रहे।
इसी तरह सिराथू ब्लॉक के भड़ेसर गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में सरदार पटेल की जयंती मनाते हुए शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इस मौके पर प्रधानाचार्य सै.सरकार मेहंदी, कुलदीप सिंह, प्रतीक्षा सिंह समेत तमाम अभिभावक एवं बच्चे मौजूद रहे। विकास भवन स्थित कार्यालय में युवक मंगल दल के स्वयं सेवकों ने सरदार पटेल की जयंती मनाई। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी छंगू राम सरोज, अमित कुमार, अनय कुमार, विनय कुमार पांडेय, मोहम्मद अफसर, अंजना देवी आदि मौजूद रहे।
एकता दिवस के रूप में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
म्योहर। केशव देवी पब्लिक स्कूल म्योहर में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 145वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। प्रबंधक एसएस सिंह समेत सभी शिक्षकों एवं छात्रों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। इस मौके पर सभी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम में प्रिंसिपल सुनील कुमार जैन, कुलदीप सिंह समेत सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया सरदार पटेल का जन्मदिवस
मंझनपुर। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने गाजे-बाजे के साथ मंझनपुर कस्बे में मार्च पास्ट किया। पुलिसकर्मियों को देश की एकता व अखंडता को लेकर शपथ दिलाई गई।
सदर कोतवाली से निकले जुलूस की अगुवाई एएसपी समर बहादुर, सीओ सिराथू रामवीर सिंह व इंस्पेक्टर मनीष पांडेय ने की। पुलिसकर्मी कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में घूमे और लोगों को शांति व अमन के साथ रहने का संदेश दिया। एएसपी ने बताया कि सरदार बल्लभ भाई पटेल को लौह पुरुष की संज्ञा दी गई है। उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। इसी को लेकर उनके जन्दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
न्यायालय में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
मंझनपुर। जनपद न्यायालय के मीटिंग हाल में शनिवार को सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज राम बरन सरोज ने किया। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन दर्शन के बाबत विस्तार से चर्चा की। कहा कि आजादी से पहले और बाद में सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकता को लेकर अहम योगदान दिया है। इस मौके पर न्यायालय के अफसर व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता के लिए शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में न्यायालय के सभी न्यायाधीश व कर्मचारी मौजूद रहे।