पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित मांगों का ज्ञापन डीएम मनीष कुमार वर्मा को सौंपते हुए भाजपा सरकार को आमजन विरोधी बताया।
पेट्रोल व डीजल की कीमत में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। केंद्र व सूबे की भाजपा सरकार तेल की कीमतों मे हो रही लगातार वृद्धि से अंजान बनी बैठी है। प्रदर्शन सभा में बोलते हुए कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रकाश ने कहा कि मौजूदा सरकार आमजन विरोधी है। इस कीमत से आम लोगों की जेब पर सरकार डाका डाल रही है। पार्टी के पूर्व लोस प्रत्याशी महेंद्र गौतम ने कहा कि मोदी सरकार पिछले छह माह के आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में एक प्रतिशत बढ़ोत्तरी की है।
जिला इंकाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मुमताज सिद्दीकी ने कहा कि केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार किसान, गरीबों व मजलूमों की बात तो कर रही है पर उनके हित में कोई कदम नहीं उठा रही है। इस सरकार से सिर्फ उद्योगपतियों को ही फायदा है। अंत में कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम मनीष कुमार वर्मा को सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष तलत अजीम सहित शाहिद सिद्दीकी, सत्येंद्र प्रताप सिंह, संतोष कुमार शुक्ल, विजय सिंह यादव, कौशलेश द्विवेदी, अतिन केसरवानी, मनोज पटेल, मिस्बाहुल ऐन, पिंटू श्रीवास्तव, हरिशंकर सहित सैकड़ों कांग्रेसी शामिल रहे।